शिकारपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संभावित विधायक प्रत्याशी मुकेश शर्मा ने शिकारपुर नगर में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने नगर की विभिन्न गलियों में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
जनसंपर्क के दौरान नगरवासियों ने जलभराव, पेयजल, साफ-सफाई, पथ प्रकाश सहित विभिन्न मूलभूत समस्याओं से मुकेश शर्मा को अवगत कराया। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई स्थानीय समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए पहल की। वहीं, प्रशासनिक स्तर से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
मुकेश शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। क्षेत्र की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए वह लगातार जनता के बीच पहुंचकर संवाद करते रहेंगे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान इदरीश गाजी, सलीम शेख, गौरव शर्मा सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान नगरवासियों ने मुकेश शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी समस्याओं को उनके समक्ष रखा।